Mathura News: महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने सुनीं समस्याएं, 9 शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

Mathura News: महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सुनीं समस्याएं। 9 शिकायतों के निस्तारण का निर्देश और नवजात बालिकाओं को बांटी बेबी किट।

Amit Sharma
Published on: 28 Oct 2026 9:11 PM IST
Mathura News: महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने सुनीं समस्याएं, 9 शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
X

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को मथुरा में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर दिया। राजीव भवन सभागार में कन्या जन्मोत्सव, गोदभराई, अन्नप्राशन, विभागीय समीक्षा बैठक और जनसुनवाई आयोजित की गई। इसके बाद राया विकासखंड में शक्ति संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

राजीव भवन सभागार में अध्यक्ष ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें फल की टोकरियां भेंट कीं। बच्चों को अन्नप्राशन कराया और 10 नवजात बालिकाओं का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर बालिकाओं को 10 बेबी किट वितरित की गईं। उन्होंने कन्या जन्म को समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने को कहा।

जनसुनवाई में मिलीं नौ शिकायतें

दोपहर 12:20 बजे आयोजित समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा, कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके बाद जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं। कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पुलिस विभाग से संबंधित थीं। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों तथा निजी प्रतिष्ठानों में आंतरिक परिवाद समिति (आईसीसी) का गठन सुनिश्चित करने और शिकायत पेटिका लगवाने पर भी जोर दिया।

राया में महिलाओं को किया जागरूक

शाम चार बजे राया विकासखंड में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 20 महिलाओं ने भाग लिया। अध्यक्ष ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विश्वकर्मा योजना और कौशल विकास योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story