Mathura News: विपिन हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला भी पकड़ी गई

Mathura News: मथुरा में विपिन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक महिला आरोपी को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, बांका और स्विफ्ट कार बरामद की है।

Amit Sharma
Published on: 8 Aug 2026 4:02 PM IST
Mathura News: विपिन हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला भी पकड़ी गई
X

Mathura News

Mathura News: थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम ने विपिन हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में एक महिला आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में इस्तेमाल बांका और मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, गोवर्धन क्षेत्र के नीमगांव निवासी करीब 20 वर्षीय विपिन चार अगस्त को मोटरसाइकिल से संस्कृति यूनिवर्सिटी, छाता जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर थाना छाता में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।पांच अगस्त को जैत थाना क्षेत्र के धौरेरा गांव के जंगल में एक खंडहरनुमा कोठरी से विपिन का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी। घटना के बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने हत्याकांड के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी।

सात अगस्त की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गोवर्धन-छाता मार्ग पर रनवारी से करीब एक किलोमीटर पहले एक स्विफ्ट कार को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि कार सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान विक्रम निवासी गोवर्धन और अमन निवासी राधाकुंड को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के घायल होने की जानकारी दी है।मौके से तेजपाल उर्फ नेहनू फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, बांका और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। हत्या की वजह और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story