TRENDING TAGS :
Mathura News: बांके बिहारी मंदिर में केक ले जाने से रोकी गईं मीरा राठौर, नियमों पर उठे सवाल
Mathura News: वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में केक ले जाने से रोके जाने पर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू महासभा की प्रवक्ता मीरा राठौर ने नियमों पर सवाल उठाए, जबकि पुलिस ने मंदिर नियमों का हवाला दिया।
Mathura News
Mathura News: वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य के खिलाफ माननीय न्यायालय मथुरा में दायर परिवाद के संदर्भ में शुक्रवार को हिंदू महासभा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीरा राठौर बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। उनके साथ संगठन के पदाधिकारी लगभग पांच किलो का विशेष केक लेकर मंदिर पहुंचे, जिसे वे भगवान को अर्पित कर इस अवसर पर धन्यवाद स्वरूप कार्यक्रम करना चाहती थीं।
जानकारी के अनुसार यह परिवाद दिसंबर 2025 में अनिरुद्ध आचार्य द्वारा लड़कियों को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के संबंध में न्यायालय में दायर किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत वृंदावन के विद्यापीठ चौराहा स्थित बृजवासी भोजनालय से की गई, जहां से कार्यकर्ता जुलूस के रूप में बांके बिहारी मंदिर की ओर रवाना हुए।मीरा राठौर के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर पुलिस ने केक को अंदर ले जाने से रोक दिया। अधिकारियों का कहना था कि मंदिर परिसर में इस प्रकार के केक को ले जाना मंदिर के नियमों के विरुद्ध है।
इस दौरान मीरा राठौर, हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष तथा महिला मोर्चा की पदाधिकारी नीतू ठाकुर और निशा ठाकुर ने प्रशासन के फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। उनका कहना था कि कुछ दिन पहले बरेली के महापौर द्वारा बांके बिहारी मंदिर परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का मामला सामने आया था, तब मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रश्न उठाया कि यदि उस समय ऐसा संभव था तो उनके कार्यक्रम पर रोक क्यों लगाई गई।कार्यक्रम के दौरान कुछ समय तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई। मौके पर मनीष पंडित, सागर चौहान, सिकंदर भाई सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


