Mathura News: रक्षाबंधन की रात सड़क पर निकला 7 फीट का अजगर, मथुरा-वृंदावन रोड पर थमे पहिए

Mathura News: रक्षाबंधन की रात मथुरा-वृंदावन रोड पर करीब 7 फीट लंबा अजगर दिखा, वाहन रुके और राहगीरों की भीड़ जुटी, वीडियो वायरल हुआ।

Amit Sharma
Published on: 29 Aug 2026 10:29 AM IST
Mathura News: रक्षाबंधन की रात सड़क पर निकला 7 फीट का अजगर, मथुरा-वृंदावन रोड पर थमे पहिए
X

Mathura News

Mathura News: रक्षाबंधन पर्व की रात मथुरा-वृंदावन रोड पर उस समय राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब करीब सात फीट लंबा अजगर अचानक सड़क पर आ गया। अड्डा चौकी के समीप श्री कृष्ण गौशाला, अक्रूर के पास सड़क पर अजगर को देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहनों को रोक दिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताया गया कि घटना रक्षाबंधन की रात करीब 10 बजे की है। उस समय मथुरा-वृंदावन रोड पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। वृंदावन की ओर से मथुरा जा रहे राहगीरों की नजर सड़क पर मौजूद विशालकाय अजगर पर पड़ी। अजगर को देखकर वाहन चालक सतर्क हो गए और उन्होंने अपने वाहनों को दूर ही रोक दिया। कुछ लोगों ने मौके से गुजरने के बजाय सड़क पर ही रुककर अजगर को देखने लगे।

अजगर के सड़क पर होने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो कुछ ही समय में वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान लोग मोबाइल फोन निकालकर अजगर का वीडियो बनाने लगे। अजगर भी कुछ देर तक सड़क पर रेंगता रहा, जिससे लोगों की उत्सुकता बढ़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने अजगर से दूरी बनाए रखी और उसे छेड़ने का प्रयास नहीं किया।

भीड़ बढ़ने के बाद अजगर धीरे-धीरे सड़क से हट गया और श्री कृष्ण गौशाला की दीवार के पीछे चला गया। इसके बाद वह वहां छिप गया। अजगर के सड़क से हटने के बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और यातायात सामान्य रूप से चलने लगा।सड़क पर अचानक करीब सात फीट लंबे अजगर के निकलने की घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर अजगर को रेंगते हुए देखा जा सकता है, जबकि आसपास खड़े लोग उसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं।

रक्षाबंधन की रात सड़क पर अजगर दिखाई देने की इस घटना ने राहगीरों को कुछ देर के लिए हैरान कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास हरियाली और खुले क्षेत्र होने के कारण कभी-कभी जंगली जीव सड़क के आसपास दिखाई दे जाते हैं। हालांकि, ऐसे मामलों में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन्यजीव को परेशान करने से बचना चाहिए।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story