Mathura News: ट्रक में भैंसों को ठूंसकर ले जा रहे थे, VIDEO वायरल; यमुना एक्सप्रेसवे पर मचा हड़कंप

Mathura News: मथुरा के राया में यमुना एक्सप्रेसवे पर भैंसों को ट्रक में क्षमता से अधिक ठूंसकर ले जाने का वीडियो वायरल हुआ, कार्रवाई की मांग तेज हुई।

Amit Sharma
Published on: 13 Aug 2026 10:56 AM IST
Mathura News: ट्रक में भैंसों को ठूंसकर ले जा रहे थे, VIDEO वायरल; यमुना एक्सप्रेसवे पर मचा हड़कंप
X

Mathura News: मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक ट्रक के अंदर भैंसों को बेहद अमानवीय तरीके से एक-दूसरे के ऊपर लादकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे के पुल से गुजरते समय एक राहगीर की नजर पशुओं से भरे ट्रक पर पड़ी। ट्रक में भैंसों को क्षमता से अधिक संख्या में ठूंसकर लादा गया था। राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पशुओं के साथ इस तरह के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय निवासी बहादुर सिंह प्रधान का आरोप है कि यमुना एक्सप्रेसवे के इस मार्ग से अक्सर पशुओं से भरे वाहन गुजरते हैं। उनका कहना है कि कई वाहनों में पशुओं को निर्धारित क्षमता से अधिक संख्या में भरकर अलीगढ़ की ओर ले जाया जाता है। ऐसे वाहनों की नियमित जांच होने पर पशुओं के साथ होने वाली क्रूरता को रोका जा सकता है।

वहीं हिंदूवादी नेता राकेश बंसल ने पुलिस और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पशुओं को इस तरह ठूंसकर ले जाना न केवल अमानवीय है, बल्कि नियमों की भी अनदेखी है। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर पशुओं को ले जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।वायरल वीडियो के आधार पर अब पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर लोगों की नजर है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पशु परिवहन से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि बेजुबान पशुओं के साथ क्रूरता की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story