Mathura News: यमुना में जलकुंभी बढ़ने से नाव और स्टीमर संचालन पर रोक, जलस्तर में मामूली गिरावट

Mathura Yamuna News: मथुरा में यमुना में बढ़ती जलकुंभी और जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नाव व स्टीमर संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

Amit Sharma
Published on: 9 Aug 2026 10:17 PM IST
Mathura News: यमुना में जलकुंभी बढ़ने से नाव और स्टीमर संचालन पर रोक, जलस्तर में मामूली गिरावट
X

Mathura Yamuna News

Mathura News: मथुरा यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर और नदी में बड़ी मात्रा में बहकर आ रही जलकुंभी को देखते हुए प्रशासन ने यमुना में संचालित नाव और स्टीमर के संचालन पर आगामी आदेशों तक रोक लगा दी है। प्रशासन ने यह निर्णय यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी (दै.आ.) एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले कई दिनों से यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ नदी में जलकुंभी भी बहकर आ रही है। इसके कारण नाव या स्टीमर के इंजन और संचालन व्यवस्था में जलकुंभी फंसने की आशंका है, जिससे दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासन ने यमुना नदी में नाव और स्टीमर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले आदेश तक किसी भी प्रकार का संचालन न किया जाए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए संचालकों से आदेश का पालन करने की अपील की है।

इधर, रविवार शाम चार बजे प्रयाग घाट पर यमुना का जलस्तर 164.76 मीटर दर्ज किया गया। प्रशासन के अनुसार जलस्तर में फिलहाल कमी का रुख है। हालांकि नदी में पानी की आवक अभी बनी हुई है। प्रयाग घाट पर चेतावनी स्तर 165.200 मीटर और खतरे का स्तर 166 मीटर निर्धारित है। ऐसे में मौजूदा जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है।

रविवार को मथुरा में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बैराजों से पानी की आवक भी जारी है। गोकुल बैराज पर 40,875 क्यूसेक, ओखला बैराज पर 18,676 क्यूसेक और ताजेवाला बैराज पर 7,709 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है। इन स्थानों पर जलप्रवाह बढ़ने का रुख बताया गया है।

प्रशासन यमुना के जलस्तर और जलप्रवाह पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने और प्रतिबंधित अवधि में नाव या स्टीमर से यात्रा करने से बचने की अपील की है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story