TRENDING TAGS :
Mathura News: मांट में बाढ़ से निपटने की तैयारी, यमुना किनारे हुआ मेगा मॉक ड्रिल अभ्यास
Mathura News: मांट क्षेत्र में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए यमुना नदी किनारे मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों का अभ्यास किया।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: बाढ़ जैसी आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार को मांट तहसील क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे जिला स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास डंगोई खादर, नगला बैसला और जहांगीरपुर के आसपास के क्षेत्रों में किया गया। कार्यक्रम की निगरानी उपजिलाधिकारी मांट और क्षेत्राधिकारी मांट ने की।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ आने की काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखा गया। अभ्यास में यह देखा गया कि आपदा की स्थिति में लोगों को किस प्रकार सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाएगा और राहत कार्य कितनी तेजी से संचालित किए जा सकते हैं। इस दौरान राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग सहित कई सरकारी विभागों की टीमें मौजूद रहीं। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, प्रांतीय रक्षा दल और होमगार्ड के जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभ्यास के दौरान बचाव दलों ने बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी समन्वय पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं में समय पर कार्रवाई और सही प्रबंधन से जनहानि और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित किए जाते हैं ताकि सभी विभाग किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े इस प्रकार के अभ्यास भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


