Mathura News: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, समाधान दिवस में पहुंचा परिवार

Mathura News: गोवर्धन में नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में पीड़ित परिवार ने समाधान दिवस में गिरफ्तारी की मांग की, एसपी देहात ने जांच के आधार पर कार्रवाई के आदेश दिए।

Amit Sharma
Published on: 8 Aug 2026 7:29 PM IST
Demanding arrest of accused of misdeeds from minors, family reaches settlement day
X

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, समाधान दिवस में पहुंचा परिवार (Photo- Newstrack)

Mathura News: गोवर्धन थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि छह जुलाई 2026 को किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और बंधक बनाकर कई लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। रात में जब आरोपी सो गए तो किशोरी किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।

परिजनों ने आठ जुलाई को गोवर्धन थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। परिवार का कहना है कि उस समय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय जांच की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार कई बार थाने पहुंचा। परिवार के मुताबिक जांच के बाद 16 जुलाई 2026 को मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई।

पीड़ित परिवार ने लगाया कई नाम हटाने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। परिवार का यह भी कहना है कि रिपोर्ट में कई लोगों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है और राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी वजह से परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

समाधान दिवस में एसपी देहात से लगाई न्याय की गुहार

आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग को लेकर पीड़ित परिवार समाधान दिवस में थाना गोवर्धन पहुंचा। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा देहात सुरेश चंद रावत के सामने अपनी पूरी समस्या रखी और न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुले में घूम रहे हैं, जिससे उन्हें लगातार डर बना हुआ है।

जांच के आधार पर कार्रवाई और गिरफ्तारी के आदेश

पीड़ित परिवार की शिकायत सुनने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा देहात सुरेश चंद रावत ने अधीनस्थ अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली गोवर्धन प्रभारी विनय कुमार मिश्र को जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।

एसपी देहात के आदेश के बाद पीड़ित परिवार ने उनका धन्यवाद किया। परिवार ने उम्मीद जताई कि अब मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा देहात सुरेश चंद रावत, पीड़िता, पीड़िता के ताऊ और पीड़िता की भाभी के बयान भी सामने आए हैं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story