TRENDING TAGS :
Mathura News : 10 दिन से लापता युवक की तलाश में दर–दर भटक रहा मथुरा का बुज़ुर्ग पिता
Mathura News : मथुरा में बुज़ुर्ग पिता अपने लापता बेटे की तलाश में थानों के चक्कर लगा रहे हैं, 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
Mathura Missing Boy ( Image From Social Media )
Mathura News : मथुरा में एक बुज़ुर्ग पिता अपने लापता बेटे की तलाश में लगातार अधिकारियों और थानों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। पिता का आरोप है कि गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है। बेटे को खोजने की उम्मीद अब टूटती नज़र आ रही है और पिता अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार थाना जमुना पार क्षेत्र के ग्राम शिव नगर कॉलोनी, तैयापुर निवासी हेमराज ने बताया कि उनका बेटा बीते 29 अक्टूबर 2025 (बुधवार) को शाम लगभग 3 बजे घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था।
युवक दुकान से बिना बताए अपनी बाइक (UP85 CU 9823) लेकर कहीं चला गया और इसके बाद से आज तक घर नहीं लौटा है। परिवार वालों ने पहले अपनी ओर से युवक को ढूंढने की पूरी कोशिश की। रिश्तेदारों, जान-पहचान वालों और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद हेमराज ने बेटे की गुमशुदगी की सूचना थाना जमुना पार में दी और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
पीड़ित पिता का कहना है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि हर बार थाने जाने पर बस कार्यवाही का आश्वासन मिल जाता है, लेकिन तलाश में कोई तेजी नहीं दिखाई दे रही है। बेटे को ढूंढने की उम्मीद में पिता रोज़ थाने और अन्य जगहों पर जा रहे हैं।
थक-हारकर हेमराज सोमवार को मथुरा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे। एसएसपी को दिए गए लिखित प्रार्थना-पत्र में उन्होंने बेटे को जल्द से जल्द खोजने की मांग की है। पिता का कहना है कि बेटे की हालत और सुरक्षा को लेकर वे लगातार चिंता में हैं और उन्हें किसी अनहोनी का डर सता रहा है।इस संबंध में थाना जमुना पार प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि युवक की तलाश की जा रही है और पुलिस सभी संभावित स्थानों पर जांच कर रही है।बुज़ुर्ग पिता की बस यही मांग है कि उनका बेटा सुरक्षित मिल जाए। परिवार की स्थिति बेहद दुखद और चिंताजनक बनी हुई है।


