Mathura News: मथुरा में बिजली व्यवस्था बदहाल, खुले विद्युत बॉक्स से हादसे का खतरा

Mathura News: मोहन नगर में आठ दिन से खराब विद्युत बॉक्स और खुला गड्ढा, गायत्री विहार में खुले ट्रांसफार्मर व लटकते तारों से लोग चिंतित।

Amit Sharma
Published on: 13 Aug 2026 4:47 PM IST
Power supply failure in Mathura, risk of accident from open electricity box
X

मथुरा में बिजली व्यवस्था बदहाल, खुले विद्युत बॉक्स से हादसे का खतरा (Photo- Newstrack)

Mathura News: मोहन नगर में पार्षद के घर के बराबर लगा विद्युत बॉक्स पिछले करीब आठ दिनों से खराब पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिकायत के बाद दो दिन में बिजलीकर्मी पहुंचे, लेकिन केवल एक फेस को ठीक कर खानापूर्ति कर दी गई। इसके बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा खोद दिया गया, जिसे आठ दिन बीतने के बावजूद बंद नहीं किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। अधिकारियों ने दो-तीन दिन में बॉक्स बदलने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। बॉक्स से दूसरे विद्युत बॉक्स को जाने वाली केबल भी कटी पड़ी है, जिसके कारण वहां भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

खुले गड्ढे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी की गाड़ी भी गड्ढे में फंस गई, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लोगों ने आशंका जताई कि तेज बारिश होने पर गड्ढे में पानी भरने से करंट फैलने का खतरा पैदा हो सकता है। कॉलोनी में बिजली आपूर्ति भी अभी पूरी तरह सुचारु नहीं हो पाई है।

लटकते तारों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता

वहीं गायत्री विहार में भी खुले ट्रांसफार्मर और लटकते तारों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर खुले में है और उसके आसपास नाला भी पटा हुआ है, जहां आवारा पशुओं का आवागमन रहता है। बारिश के मौसम में यह स्थिति गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग में शिकायत करने पर पैनल आने के बाद बॉक्स बदलने की बात कही जाती है, लेकिन अभी तक पैनल उपलब्ध नहीं हो पाया है। लोगों ने विधायक, बिजली विभाग के अधिकारियों और जेई से तत्काल विद्युत बॉक्स व खुले ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराने तथा गड्ढे को बंद कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story