TRENDING TAGS :
Mathura News: नंदोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, राधा दामोदर मंदिर में लुटाई गई बधाई
Mathura News: रविवार को वृंदावन स्थित ठाकुर राधा दामोदर मंदिर का पूरा परिसर गूंज उठा। अवसर था भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित नंदोत्सव महोत्सव का।
Nandotsav 2025
Mathura News: नंद के आनंद भयो, जय हो नंदलाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की..."—इन पारंपरिक बधाई गीतों से रविवार को वृंदावन स्थित ठाकुर राधा दामोदर मंदिर का पूरा परिसर गूंज उठा। अवसर था भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित नंदोत्सव महोत्सव का। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्म की बधाई लूटने का अनुपम दृश्य देखने को मिला।सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर प्रांगण में उमड़ पड़ी।
विशेष रूप से महिलाएं गोपी स्वरूप में सजकर पारंपरिक ब्रज गीतों के साथ बधाई गाने लगीं। "यशोदा मैया दे दे बधाई, कान्हा ने जन्म लियो है" जैसे गीतों ने पूरे वातावरण को भक्ति-रस में सराबोर कर दिया।मंदिर के बड़े गुसाईं आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी और अंगसेवी दामोदर चंद्र गोस्वामी ने परंपरागत रीति से भक्तों के बीच बधाई लुटाई। इसमें टॉफी, बिस्कुट, खिलौने, वस्त्र, बर्तन आदि सामग्री बांटी गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से इन बधाइयों को लूटकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का आनंद प्राप्त किया।
देश के कोने-कोने से, विशेषकर दूर-दराज़ के गांवों और कस्बों से आए भक्तों ने इस नंदोत्सव में भाग लिया। मंदिर परिसर में इतनी भीड़ थी कि लोग जगह-जगह खड़े होकर बधाई लूटने का इंतज़ार करते दिखाई दिए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने इस अनुपम परंपरा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।मंदिर सेवायत दामोदर चंद्र गोस्वामी ने बताया कि नंदोत्सव, ब्रज की सबसे प्राचीन और प्रिय परंपराओं में से एक है।
श्रीकृष्ण जन्म के बाद जब नंद बाबा के घर आनंद की लहर दौड़ी, तभी से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। उनका कहना है कि इस उत्सव का उद्देश्य भगवान के जन्म की खुशी को जन-जन तक पहुंचाना है।इस विशेष आयोजन ने एक बार फिर वृंदावन की गलियों में भक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया। श्रद्धालु भावविभोर होकर “नंदलाल की जय” के जयकारे लगाते रहे और जाते समय कान्हा के जन्मोत्सव की मधुर स्मृतियाँ अपने साथ लेकर लौटे।


