TRENDING TAGS :
Mathura News: न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित, नई परंपरा की अनुमति नहीं: एसपी सिटी
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह परिसर में न्यायालय के आदेशों के तहत सुरक्षा सख्त है। एसपी सिटी ने नई परंपरा की अनुमति नहीं होने की बात कही।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह परिसर से जुड़े मामले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा राजीव कुमार ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के तहत संबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि अथवा नई परंपरा शुरू करने पर प्रतिबंध है। पुलिस-प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत रखी जा रही है।
बिना अनुमति आने का किया गया था आह्वान
एसपी सिटी राजीव कुमार के अनुसार, कुछ लोगों की ओर से संबंधित क्षेत्र में आने का आह्वान किया गया था। हालांकि, इसके लिए प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस को जैसे ही ऐसे लोगों के मौके पर पहुंचने की जानकारी मिली, तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से हटाया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को विभिन्न थानों की पुलिस के माध्यम से वापस भेज दिया गया। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है।
न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था
राजीव कुमार ने कहा कि पूरा प्रकरण माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय की निगरानी में है। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से सभी संबंधित संगठनों को न्यायालय के आदेशों और निर्देशों की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है।
सभी पक्षों से लगातार संवाद
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस-प्रशासन सभी संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है। संबंधित संगठनों की ओर से भी न्यायालय के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया गया है। प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और सभी पक्षों के बीच समन्वय बना हुआ है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पुलिस के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति जानकारी के अभाव या अनजाने में प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर आने का प्रयास करता है तो उसे स्थिति से अवगत कराकर सम्मानपूर्वक वापस भेजा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें। एसपी सिटी ने कहा कि सभी लोग न्यायालय के आदेशों का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।


