Mathura News: वायुसेना की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटे नरेंद्र सिंह, पिंगरी में हुआ भव्य स्वागत

Mathura News: मथुरा के पिंगरी गांव के नरेंद्र सिंह ने वायुसेना की ट्रेनिंग पूरी कर गांव वापसी की। ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

Amit Sharma
Published on: 10 Aug 2026 1:24 PM IST
Mathura News
X

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: गांव पिंगरी के रहने वाले नरेंद्र सिंह पुत्र मुरारी सिंह ने इंडियन एयर फोर्स का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर गांव लौटकर परिवार और ग्रामीणों का गौरव बढ़ाया। नरेंद्र के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के बीच फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया और मिठाई खिलाकर खुशी मनाई गई।

नरेंद्र सिंह के स्वागत के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। ग्रामीणों और युवाओं ने भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयकारे लगाए। गांव की गलियों में ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों से उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने कहा कि गांव का कोई युवा भारतीय वायुसेना में शामिल होकर देश की सेवा के लिए आगे बढ़ता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात होती है। ग्रामीणों के अनुसार नरेंद्र सिंह ने कड़ी मेहनत और कठिन प्रशिक्षण के बाद यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ गांव के युवाओं में भी उत्साह है। ग्रामीणों ने कहा कि नरेंद्र की उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने के लिए आगे बढ़ने का संदेश देगी।

बेटे के वर्दी में घर लौटने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सदस्यों ने नरेंद्र की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि वह आगे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ देश की सेवा करते रहेंगे। स्वागत समारोह में रौतान सिंह मास्टर साहब, श्याम बाबूजी, लल्लूराम सिंह, राजेंद्र सिंह, पिंटू, अर्जुन सिंह, थानसिंह प्रधान, हरिपाल सिंह पत्रकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नरेंद्र सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पिंगरी गांव के लिए गर्व का विषय है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story