TRENDING TAGS :
Mathura News: हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज वृंदावन में तिरंगा यात्रा, पांचजन्य में तिरंगा महोत्सव
Mathura News: मथुरा के वृंदावन में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। पांचजन्य में तिरंगा महोत्सव का भी आयोजन होगा।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तृतीय चरण के तहत 13 अगस्त को जनपद मथुरा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में तिरंगे के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के तहत गुरुवार को वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। वहीं डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से तिरंगा महोत्सव मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी एवं मेले का उद्घाटन कर किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स द्वारा देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी छात्रों तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बैंड प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। देश की रक्षा में योगदान देने वाले शहीदों के परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया जाएगा। तिरंगा महोत्सव में रंगोली, पेंटिंग और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जिनमें प्रतिभागी देशभक्ति की भावना को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर क्रांतिकारियों के संघर्ष से परिचित कराया जा सके। मेले में विभिन्न प्रकार के तिरंगा उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री भी की जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना से जोड़ना है।


