Mathura News: संतों के सानिध्य में परखम गोशाला पहुंचे दिग्गज, गौ माता के लिए तैयार होगा सुपर फूड

Mathura News: शिवराज सिंह चौहान और पुष्कर सिंह धामी पहुंचे परखम गोशाला, पंचगव्य के गुणों पर वैज्ञानिक शोध होगा, छात्रावास और लैब का लोकार्पण, कर्मचारी आवास का शिलान्यास।

Amit Sharma
Published on: 28 Nov 2026 9:12 PM IST
Veterans arrive at Parkham Goshala in the presence of saints
X

संतों के सानिध्य में परखम गोशाला पहुंचे दिग्गज, गौ माता के लिए तैयार होगा सुपर फूड (Photo- Newstrack)

Mathura News: परखम स्थित दीनदयाल गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को संतों के सानिध्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में गौ अनुसंधान, शिक्षा और प्रशिक्षण से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गौ माता के स्वास्थ्य और बेहतर पोषण के लिए प्रयोगशाला में सुपर फूड तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा। दूध, दही, घी, गोबर और गोमूत्र से बने पंचगव्य के गुणों और लाभों के वैज्ञानिक प्रमाण जुटाए जाएंगे। उन्होंने परखम गोशाला में चल रहे प्रयोगों को अद्भुत और अभूतपूर्व बताया।

उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन और गोपालन को भी अपनाना होगा। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों से मुक्त प्राकृतिक खेती भविष्य की जरूरत है। गौ आधारित खेती ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कामधेनु गौशाला जैसे प्रयास गांवों को गरीबी मुक्त बनाने में सहायक होंगे।

योगी सरकार के कार्यों की सराहना

शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, निवेश, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है। जनता की सेवा करना ही भगवान की पूजा है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संतों के आशीर्वाद और सानिध्य में शुरू किए गए शुभ कार्य निश्चित रूप से सिद्ध होते हैं। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ और संतों ने महामंत्र का गुणगान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन व्यस्तता के चलते वह नहीं पहुंच सके।

इस दौरान छात्रावास और प्रयोगशाला का लोकार्पण तथा कर्मचारी आवास का शिलान्यास किया गया। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, स्वामी अवधेशानंद गिरि, विनोद बाबा, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, बेबी रानी मौर्य सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थी और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story