Mathura News: पुरुषोत्तम मास में उमड़ा आस्था का सैलाब, 6.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Mathura News: मथुरा, गोवर्धन, बरसाना और 84 कोसी परिक्रमा में 6.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, पुलिस ने कड़ी सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन संभाला।

Shashi kant gautam
Published on: 16 Jun 2026 9:55 PM IST
faith in Purushottam month, more than 6.5 million devotees visit
X

 पुरुषोत्तम मास में उमड़ा आस्था का सैलाब, 6.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन (Photo- Newstrack)

Mathura News: मथुरा। पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के दौरान मथुरा जनपद में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। एक माह तक चले धार्मिक अनुष्ठान में देश-विदेश से लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालु ब्रज पहुंचे और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन तथा परिक्रमा में शामिल हुए। इस दौरान मथुरा पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, 17 मई से 15 जून तक चले पुरुषोत्तम मास में गोवर्धन क्षेत्र में करीब 2.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं 84 कोसी परिक्रमा में लगभग 3 करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए और उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी यात्रा पूरी की।

बरसाना में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा। यहां करीब 1 करोड़ श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर लाडलीजी मंदिर में दर्शन किए। इस प्रकार पूरे आयोजन के दौरान लगभग 6.5 करोड़ श्रद्धालुओं की आवाजाही दर्ज की गई।

इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष रणनीति के तहत व्यापक पुलिस बल तैनात किया। व्यवस्था संभालने के लिए 25 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक और 350 से अधिक पुलिसकर्मियों को विभिन्न परिक्रमा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर लगाया गया था।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 88 बैरियर स्थापित किए गए तथा पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा रही और जाम जैसी स्थितियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सका।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि भविष्य में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्गों पर नई पुलिस चौकियां और पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में सुरक्षा और सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

Shashi kant gautam
ABOUT THE AUTHOR

Shashi kant gautam

Shashi Kant Gautam is a journalist with over five years of experience in the news industry. He specializes in regional developments, social issues, and community affairs. He holds a degree in Mass Communication and Journalism. Apart from journalism, he enjoys writing, traveling, and sports, which contribute to his curiosity and broad perspective on current affairs.

Next Story