Mathura News: राधाकुंड में तीन महीने से राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं का हंगामा

Mathura News: राशन डीलर पर टालमटोल और मारपीट का आरोप, मशीन बंद कर दुकान से जाने की कही बात, महिला, बुजुर्ग और बच्चों को बिना राशन लौटना पड़ा।

Amit Sharma
Published on: 25 Nov 2026 1:53 PM IST
Consumers riot in Radhakund over no ration for three months
X

राधाकुंड में तीन महीने से राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं का हंगामा (Photo- Newstrack)

Mathura News: गोवर्धन क्षेत्र के राधाकुंड में सरकारी राशन की दुकान पर समय से राशन न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने राशन डीलर पर तीन महीने से खाद्यान्न वितरण नहीं करने और लगातार बहाने बनाकर टालने का आरोप लगाया है। मंगलवार को राशन लेने पहुंचे लोगों की डीलर से कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला बढ़ गया और दुकान पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि राशन डीलर महावीर सिंह पिछले तीन महीने से पात्र लोगों को राशन नहीं दे रहा है। जब भी उपभोक्ता राशन लेने पहुंचते हैं तो उन्हें कभी आज तो कभी कल आने के लिए कहा जाता है। कई बार मशीन में अंगूठा नहीं लगने का बहाना बनाकर वापस लौटा दिया जाता है। इसी तरह लगातार दुकान के चक्कर काटने के बावजूद लोगों को उनका निर्धारित राशन नहीं मिल पा रहा है।

मंगलवार को भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता राशन लेने दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि राशन मांगने को लेकर डीलर और उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। हंगामा बढ़ता देख राशन डीलर मशीन बंद कर मौके से चला गया। इसके चलते दुकान पर मौजूद लोगों को बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ा।

उपभोक्ता राधाचरण ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह अपने बच्चे को लेकर करीब तीन घंटे से राशन की दुकान पर खड़ा था, लेकिन इसके बावजूद उसे राशन नहीं मिल सका। दुकान पर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी राशन मिलने की उम्मीद में इंतजार करते रहे।

घटना के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन और खाद्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराने, राशन डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पात्र परिवारों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकारी योजना के तहत मिलने वाले राशन के लिए उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story