TRENDING TAGS :
Mathura News: राधाष्टमी पर्व को लेकर बरसाना में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, DM और SSP ने लिया जायजा
Mathura News: मथुरा के बरसाना में आगामी राधाष्टमी पर्व को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
Mathura News
Mathura News: आगामी राधाष्टमी पर्व को लेकर बरसाना में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को 108 कुटिया, करहला रोड, कस्बा बरसाना में जिलाधिकारी मथुरा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व गैर जनपद से आए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक की।
बैठक में अधिकारियों को राधाष्टमी पर्व के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने के निर्देश दिए गए। बरसाना में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता एवं मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाएं। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी सतर्क रहने को कहा गया।सुगम यातायात के लिए बरसाना के प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों को चिन्हित किया गया है, ताकि मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से बरसाना के प्रमुख मार्गों, राधा रानी मंदिर के आसपास के क्षेत्र, मंदिर परिक्रमा मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर भी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। अधिकारियों ने राधाष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने पर जोर दिया।


