Mathura News: ब्रज के लाडले संत रमेश बाबा नित्य लीला में प्रविष्ट, भक्तों में शोक

Mathura News: पद्मश्री संत रमेश बाबा के नित्य लीला में प्रविष्ट होने से ब्रज में शोक की लहर, भक्तों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सेवा और भक्ति मार्ग को याद किया।

Amit Sharma
Published on: 6 Oct 2026 6:32 PM IST
Brajs beloved Sant Ramesh Baba
X

ब्रज के लाडले संत रमेश बाबा नित्य लीला में प्रविष्ट, भक्तों में शोक (Photo- Newstrack)

Mathura News: ब्रज की भक्ति परंपरा के प्रमुख संत और ब्रजवासियों के लाडले, पद्मश्री संत रमेश बाबा महाराज नित्य लीला में प्रविष्ट हो गए। उनके लीला प्रविष्ट होने की खबर से ब्रज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बाबा के भक्तों और अनुयायियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ब्रजभूमि ने अपने एक ऐसे संत को खो दिया है, जिन्होंने जीवनभर राधा-कृष्ण की भक्ति और ब्रज की सेवा को ही अपना ध्येय बनाया।

संत रमेश बाबा श्रीजी और ठाकुरजी के अनन्य भक्त माने जाते थे। ब्रज की संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी उन्होंने लंबे समय तक कार्य किया। उनके सानिध्य में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रज पहुंचे और राधारानी की भक्ति से जुड़े। सरल जीवन, सहज व्यवहार और ब्रज के प्रति गहरी आस्था उनकी पहचान रही।

ब्रजवासियों के बीच बाबा का विशेष सम्मान था। भक्त उन्हें केवल संत के रूप में नहीं, बल्कि ब्रजभूमि के संरक्षक और मार्गदर्शक के रूप में भी देखते थे। उनके लीला प्रविष्ट होने की सूचना मिलने के बाद बरसाना सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालु भावुक नजर आए। भक्तों ने उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

भक्तों का कहना है कि संत रमेश बाबा का जीवन राधारानी और ब्रज की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से ब्रज की आध्यात्मिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जाने से संत समाज और ब्रज के धार्मिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

भक्तों ने प्रार्थना की कि ब्रज के आराध्य ठाकुरजी और श्रीजी अपने अनन्य भक्त संत रमेश बाबा पर अपनी कृपा बनाए रखें। साथ ही उनकी कृपा दृष्टि ब्रजवासियों और सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story