TRENDING TAGS :
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए मथुरा में गूंजा संकल्प! संतों ने भव्य मंदिर निर्माण का किया आह्वान
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग को लेकर रामघाट से निकली मोटरसाइकिल यात्रा मथुरा पहुंची। विशाल सभा में संतों और श्रद्धालुओं ने मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया और आंदोलन को समर्पित गीत भी लॉन्च किया गया।
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति की मांग को लेकर शनिवार को बुलंदशहर के श्री सिद्ध धाम रामघाट से निकली मोटरसाइकिल यात्रा मथुरा पहुंची। सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित विशाल सभा में संतों और श्रद्धालुओं ने मूल गर्भगृह स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया। इस दौरान आंदोलन को समर्पित गीत "श्री कृष्ण जन्मभूमि मेरी शान" भी लॉन्च किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि जन्मभूमि आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण का उद्देश्य अवश्य पूरा होगा। उन्होंने बताया कि आगरा की जामा मस्जिद में लगे भगवान श्रीकृष्ण के विग्रहों को वापस मथुरा लाने के लिए भी न्यायालय में कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
श्री सिद्ध बाबा धाम के महंत स्वामी कांताचार्य महाराज ने कहा कि वे जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को समर्थन देने के लिए मथुरा पहुंचे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में इससे भी बड़ी यात्रा निकाली जाएगी। वहीं महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद जी महाराज ने कहा कि उपस्थित सभी सनातनियों की एक ही मांग है कि भगवान श्रीकृष्ण के मूल जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हो। उन्होंने समाज से संगठित होकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।
डॉ. आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं। उन्होंने आंदोलन को सत्य और आस्था से जुड़ा विषय बताया। विष्णुकांत ब्रजवासी ने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता से इस आंदोलन को सफलता मिलेगी और आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवा मंगलम पीठाधीश्वर संत गोविंददानंद तीर्थ महाराज ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक शक्ति और संगठन जरूरी है। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
सभा में हनुमान टेकरी के संत दशरथ दास महाराज, ब्रज सेवक संत श्यामानंद जी महाराज तथा आर.बी. चौधरी सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान छावा म्यूजिक कंपनी के डायरेक्टर दशरथ सिंह राठौड़ और प्रोड्यूसर मनीषा राठौड़ ने आंदोलन को समर्पित गीत "श्री कृष्ण जन्मभूमि मेरी शान है" लॉन्च किया। रिमझिम सिंह, सोनल सिंह, विशाल और रोहित उपर्व ने भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। फिल्म निर्माता मोनू राजावत ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इससे पहले मथुरा पहुंची यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। कृष्णापुरी, होली गेट, केला देवी मंदिर, कंकाली और भूतेश्वर सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने यात्रा में शामिल संतों और पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।


