Mathura News: यातायात नियम तोड़ने पर 36 वाहन सीज, 76 के चालान किए गए

Mathura News: मथुरा पुलिस ने चेकिंग अभियान में नशे में वाहन चलाने वाले 22 चालकों पर कार्रवाई की, जबकि पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 20 बाइकों के भी चालान किए गए।

Amit Sharma
Published on: 27 Oct 2026 6:44 PM IST
36 vehicle seizures on traffic violations
X

 यातायात नियम तोड़ने पर 36 वाहन सीज, 76 के चालान किए गए (Photo- Newstrack)

Mathura News: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए मथुरा पुलिस ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहनों को सीज किया गया, जबकि विभिन्न मामलों में 76 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में खलबली मच गई।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक यातायात के साथ सभी थाना और चौकी प्रभारी तथा यातायात उपनिरीक्षकों की संयुक्त टीमों ने भाग लिया।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले का हुआ चालान

पुलिस की कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 22 चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने इस तरह वाहन चलाने को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में सख्ती बरतकर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके अलावा मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालने वाले 20 वाहनों के भी चालान किए गए। इस तरह के साइलेंसर से आम लोगों को परेशानी होती है और सड़क पर अनावश्यक शोर बढ़ता है।

पुलिस ने बताया

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहनों में मानकों के अनुरूप उपकरणों का इस्तेमाल करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग अभियान के माध्यम से नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story