Mathura: अड़ींग में पांच साल से मंदिरों के पास गंदगी का अंबार, सड़ांध से ऐतिहासिक किलोल कुंड बेहाल

Mathura News: मथुरा के अड़ींग में मंदिरों के आसपास गंदगी और किलोल कुंड की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। 75 लाख खर्च के बाद भी पेयजल व्यवस्था पर सवाल, महिलाएं करेंगी शिकायत।

Amit Sharma
Published on: 25 Nov 2026 9:31 PM IST
Mathura: अड़ींग में पांच साल से मंदिरों के पास गंदगी का अंबार, सड़ांध से ऐतिहासिक किलोल कुंड बेहाल
X

Mathura News: गोवर्धन क्षेत्र की अड़ींग ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था की बदहाली ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव में पिछले पांच साल से मंदिरों के आसपास गंदगी के ढेर लगे हैं। ऐतिहासिक किलोल कुंड में कूड़ा जमा होने और पानी सड़ने से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का वहां सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। पंचायत सचिव के रिश्वत लेते गिरफ्तार होने के करीब 20 दिन बाद भी नए सचिव की तैनाती नहीं हुई है। इससे पंचायत के कामकाज और सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के पूरे कार्यकाल में सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी। पिछले तीन वर्षों में पेयजल व्यवस्था के नाम पर करीब 75 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पीने के लिए भले ही आरओ का पानी इस्तेमाल करना पड़े, लेकिन सुबह ब्रश करते समय ही नलों से आने वाले पानी की दुर्गंध का एहसास हो जाता है।

ग्रामीण अजीत सैनी और पंकज गौड़ ने आरोप लगाया कि पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारियों ने 200 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर दो स्थानीय लोगों को लगा रखा है। वहीं स्थायी सफाई कर्मचारियों में कुछ कर्मचारी काम करने के बजाय मैट बनकर घूमते रहते हैं। डीपीआरओ की संस्तुति पर पंचायत को राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार मिल चुका है, लेकिन कई मोहल्लों में महीनों से सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार प्राचीन बिहारी जी और पिपलेश्वर महादेव मंदिर के पास का रास्ता पूरे कार्यकाल में डलावघर बना रहा। यहां कूड़ा डालने के लिए छोटी ट्रॉली रखी गई है, जिसे कई दिनों तक नहीं उठाया जाता। इससे कूड़े के ढेर लग जाते हैं और लोग दुर्गंध से बचने के लिए उसमें आग लगा देते हैं।

मंदिरों के आसपास गंदगी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इसको लेकर दर्जनभर महिलाएं गुरुवार को बीडीओ गोवर्धन से मुलाकात कर सफाई की मांग करेंगी। तीन दिन में ठोस व्यवस्था नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन और ज्ञापन देने की चेतावनी दी है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story