Mathura में परिक्रमा मार्ग पर बेखौफ दौड़ रहे डग्गेमार वाहन, श्रद्धालुओं की जान जोखिम में, DM तक पहुंची शिकायत, कार्रवाई नदारद

Mathura News: मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर अनधिकृत वाहनों का संचालन जारी है। श्रद्धालुओं की परेशानी और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Amit Sharma
Published on: 18 Nov 2026 7:54 PM IST (Updated on: 18 Nov 2026 8:13 PM IST)
Mathura में परिक्रमा मार्ग पर बेखौफ दौड़ रहे डग्गेमार वाहन, श्रद्धालुओं की जान जोखिम में, DM तक पहुंची शिकायत, कार्रवाई नदारद
X

Mathura News: धर्मनगरी मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मार्ग पर डग्गेमार और अनधिकृत वाहन खुलेआम दौड़ रहे हैं। धार्मिक पर्वों और विशेष अवसरों पर यहां लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। इसके बावजूद वाहनों का संचालन लगातार जारी है, जिससे परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हैरानी की बात यह है कि जिलाधिकारी तक शिकायत पहुंचने के बाद भी अनधिकृत वाहनों पर रोक नहीं लग सकी है।

महिला, बुजुर्ग और बच्चों को हो रही परेशानी

परिक्रमा मार्ग पर सुबह से देर रात तक महिला, बुजुर्ग और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करते हैं। इस दौरान तेज गति से निकलने वाले डग्गेमार वाहन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। भीड़भाड़ वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है। कई बार स्थिति ऐसी बन जाती है कि परिक्रमार्थियों को रास्ता छोड़कर किनारे चलना पड़ता है। इससे उनकी सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है।

भाजपा पदाधिकारी ने जिलाधिकारी से की शिकायत

इस समस्या को लेकर भाजपा पदाधिकारी प्रदीप गोस्वामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर चल रहे अनधिकृत और डग्गेमार वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वह इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में पहुंचाएंगे।


कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी

जिलाधिकारी तक शिकायत पहुंचने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने यातायात पुलिस और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब प्रतिबंधित और अनधिकृत वाहन खुलेआम परिक्रमा मार्ग पर चल रहे हैं तो जिम्मेदार अधिकारी इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।



विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग

स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से परिक्रमा मार्ग पर विशेष यातायात योजना लागू करने की मांग की है। साथ ही अनधिकृत वाहनों की नियमित चेकिंग कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।


लोगों का कहना है कि परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story