TRENDING TAGS :
मथुरा: बीएसए कॉलेज में लगी मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी, नए वोटरों को दी गई जरूरी जानकारी
Mathura News: मथुरा के बीएसए कॉलेज में मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई। युवाओं को फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया समझाकर नए मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने की अपील की गई।
Mathura News: मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और मतदाता संबंधी संशोधनों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को बीएसए कॉलेज के श्याम चरण हॉल के कॉरिडोर में मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। स्वीप और ईएलसी टीम की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न पोस्टरों के माध्यम से मतदाता पंजीकरण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम और पते में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 की जानकारी प्रदर्शित की गई। प्रत्येक स्टॉल पर मौजूद स्वीप टीम के सदस्यों ने युवाओं, छात्र-छात्राओं और नए मतदाताओं को ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया के साथ जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान मतदाता पंजीकरण से जुड़ी शंकाओं और भ्रांतियों का भी समाधान किया गया।
सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा और बीएसए कॉलेज के प्राचार्य ललित शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम मतदाता सूची में पंजीकरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीनदयाल ने बताया कि फॉर्म-6, 7 और 8 निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं।
डीएलएमटी मनीष दयाल ने जनपद स्तरीय युवा महोत्सव में शामिल प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे युवाओं को जागरूक करें, जो एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होंगे, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके।
ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव ने ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि संबंधित दस्तावेजों के साथ बीएलओ के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। डॉ. रोली तिवारी और गुरु प्यारी सतसंगी ने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए ऐसी प्रदर्शनियां नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए।
कार्यक्रम में राजेश झा सहित स्वीप और ईएलसी टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।


