बांके बिहारी मंदिर दर्शन को आई एक वर्षीय बच्ची पर गिरा जर्जर छज्जा, हालत गंभीर

Mathura News: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर दर्शन को आई एक वर्षीय बच्ची पर जर्जर छज्जा गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद रामकृष्ण मिशन अस्पताल में इलाज जारी है।

Amit Sharma
Published on: 29 Nov 2026 5:30 PM IST
बांके बिहारी मंदिर दर्शन को आई एक वर्षीय बच्ची पर गिरा जर्जर छज्जा, हालत गंभीर
X

Mathura News: ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को मंदिर दर्शन के लिए परिवार के साथ आई एक वर्षीय बच्ची जर्जर भवन के छज्जे का हिस्सा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्ची के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन लहूलुहान बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित रविवार को अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने वृंदावन आए थे। परिवार के सभी सदस्य फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन के लिए लगी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गली में स्थित एक पुराने और जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने उछलकूद शुरू कर दी।

बताया गया कि बंदर की हलचल के चलते छज्जे का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। उसी समय कतार में अपने परिजनों के साथ खड़ी अमित की एक वर्षीय बेटी अर्पिता मलबे की चपेट में आ गई। छज्जे का हिस्सा सीधे बच्ची के ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं और खून बहने लगा।

अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। पिता अमित ने बिना देर किए घायल बच्ची को गोद में उठाया और उपचार के लिए रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में भी दहशत का माहौल है।

घटना ने मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आसपास की गलियों में मौजूद जर्जर भवनों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़भाड़ वाले रास्तों पर ऐसे भवनों की समय रहते जांच और मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य श्रद्धालु या मासूम के साथ इस तरह का हादसा न हो।


Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story