TRENDING TAGS :
Mathura News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट में विकास प्रदर्शनी का आयोजन
Mathura News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मथुरा कलेक्ट्रेट में विकास प्रदर्शनी लगी, डीएम ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रचार पर जोर दिया।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट में विकास प्रदर्शनी का आयोजन (Photo- Newstrack)
Mathura News: मथुरा, 18 जून 2026। केंद्र सरकार के विश्वास, विकास, सुशासन, सेवा, जनकल्याण और संवेदनशील शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पंचायतीराज, पुलिस, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यान, खादी एवं ग्रामोद्योग, स्वयं सहायता समूह, एक जनपद-एक उत्पाद तथा सूर्य ऊर्जा विभाग सहित विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी प्राप्त की।
प्रदर्शनी स्थल पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटकों और भजन-गायन प्रस्तुतियों का भी जिलाधिकारी ने आनंद लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें आधारभूत संरचना विकास, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के संवर्धन, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की परिकल्पना को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं। कलेक्ट्रेट सभागार के निकट आयोजित यह प्रदर्शनी आमजन के लिए खुली है।


