TRENDING TAGS :
Mathura News: वृंदावन में पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जे की कोशिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Mathura News: वृंदावन के ब्रजराज कुंज क्षेत्र में पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज की।
वृंदावन में पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जे की कोशिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी (Photo- Newstrack)
Mathura News: वृंदावन। नगर में अवैध कब्जों और भूमि विवादों के बीच एक और मामला सामने आया है। ब्रजराज कुंज क्षेत्र स्थित पीली कोठी, पुरानी कालीदह निवासी बृजेश कुमार शर्मा ने कुछ लोगों पर उनके पुश्तैनी मकान में घुसकर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली वृंदावन में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, संबंधित संपत्ति परिवार के स्वामित्व में कई दशकों से है। बृजेश कुमार शर्मा का कहना है कि उनके बाबा वल्लभ शरण शास्त्री ने वर्ष 1987 में लगभग 1820.5 वर्गमीटर भूमि खरीदी थी, जिस पर परिवार का लगातार कब्जा और उपयोग रहा है। उनका आरोप है कि 14 जून 2026 की सुबह कुछ लोग उनके मकान पर पहुंचे और एक कमरे का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, घटना के कुछ घंटे बाद शाम के समय आरोपित पक्ष फिर बड़ी संख्या में लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान मकान के अन्य कमरों के ताले भी तोड़ दिए गए और उनमें रखा सामान बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद कमरों पर अपने ताले लगाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों ने जाते समय उन्हें डराने-धमकाने की भी कोशिश की और पुलिस में शिकायत न करने की चेतावनी दी।
बृजेश कुमार शर्मा ने दावा किया है कि पूरी घटना के कुछ वीडियो उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षित रखी गई है। उनका कहना है कि वीडियो साक्ष्य से पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सकती है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


