Mathura News: अर्टिगा की टक्कर से छोटा हाथी पलटा, यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

Mathura News: नौहझील क्षेत्र में माइलस्टोन 64 पर तेज रफ्तार अर्टिगा ने छोटे हाथी को पीछे से मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल, चार अन्य जख्मी, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।

Amit Sharma
Published on: 18 Nov 2026 7:59 PM IST
Ertiga collision causes small elephant to fall, incident on Yamuna Expressway
X

अर्टिगा की टक्कर से छोटा हाथी पलटा, यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा (Photo- Newstrack)

Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने आगे चल रहे छोटे हाथी वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छोटा हाथी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसमें सवार चार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 64 पर यह हादसा हुआ। आगरा से नोएडा की ओर एक छोटा हाथी वाहन जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही अर्टिगा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की जानकारी हाईवे की रोमियो टीम के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बाजना कट चौकी प्रभारी पवन कुमार चौहान और गौरव कुमार मोबाइल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को वाहन से बाहर निकलवाने के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था की।

दुर्घटना में छोटे हाथी का चालक रिंकू निवासी नरेला, दिल्ली के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। उसकी हालत को देखते हुए पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया। वहीं वाहन में सवार रजनी (35), यमुना (17), योग (6) और मन्नू (5) भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story