श्मशान घाट, पीएम मोदी की तस्वीर और टोटका सामग्री...UP में ऐसा क्या हुआ कि पुलिस ने 4 को पकड़ा?

PM Modi Photo Case: उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर टोटका सामग्री के साथ मिलने से हड़कंप मच गया। वायरल फोटो-वीडियो के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 25 Oct 2026 11:16 AM IST
Mau PM Modi Photo Tantra Mantra Case
X

Image Source- Social Media

PM Modi Photo Case: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की तस्वीर के साथ कथित जादू-टोना (Black Magic) से जुड़ी सामग्री रखे जाने का मामला सामने आया है। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के दोहरीघाट कस्बे में मुक्तिधाम स्थित शवदाह स्थल के पास शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर टोटका सामग्री (Tantra Mantra) के साथ रखी मिली।

इस तस्वीर और उससे जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हलचल बढ़ गई। मामले में पुलिस ने शनिवार को अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

तस्वीर के आसपास मिला नींबू-नारियल

शवदाह स्थल के पास मिली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, धागे और सिंदूर जैसी सामग्री दिखाई दे रही थी। तस्वीर के ऊपर सुई से छिदे हुए नींबू रखे हुए थे। तस्वीर के चारों कोनों पर कलावा बंधे नारियल दिखाई दिए, जबकि सिंदूर भी वहां रखा हुआ था। इन चीजों को देखकर इसे जादू-टोना (Black Magic) से जोड़कर चर्चा शुरू हो गई।

मामले का किसी ने वीडियो (Viral Video) बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। तस्वीर और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। हालांकि, वायरल फोटो और वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ तंत्र-मंत्र (Tantra Mantra) की सामग्री मिलने की खबर सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच-पड़ताल शुरू की। दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद दोहरीघाट थाना पुलिस के साथ साइबर सेल (Cyber Cell) की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो और वीडियो के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

चार संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत (Detention) में लिया है। इनसे पूरे मामले को लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वहां किसने रखी, टोटका सामग्री किसने वहां रखी और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया।

मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस और प्रशासन ने भी सक्रियता बढ़ा दी है।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज

क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (Electronic Evidence) को भी खंगाल रही है।

पुलिस और साइबर सेल की टीमें मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और तस्वीर को वहां कब और कैसे रखा गया।

क्षेत्राधिकारी ने दावा किया कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जताई आपत्ति

मामले को लेकर भाजपा (BJP) जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष की आपत्ति और कार्रवाई की मांग के बाद पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस वायरल फोटो और वीडियो के स्रोत, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों से पूछताछ पर है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को टोटका सामग्री के साथ शवदाह स्थल के पास किसने रखा और इसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के पीछे कौन लोग थे।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story