TRENDING TAGS :
किसके इशारे पर काम कर रहे थे आकाश आनंद? मायावती ने खोल दिया पूरा कच्चा चिट्ठा...सीक्रेट फोन कॉल का बड़ा खुलासा
Mayawati Exposed Akash Anand: मायावती ने आकाश आनंद पर फिर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने गुप्त फोन कॉल का खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि आकाश आज भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर काम कर रहे हैं। BSP से आकाश को पूरी तरह बाहर करने के फैसले के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है।
Mayawati Exposed Akash Anand: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के भीतर छिड़ा अंदरूनी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद पर सीधा हमला बोला और उन्हें एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया। मायावती ने बेहद सख्त लहजे में आरोप लगाया कि उनके अस्वस्थ होने की झूठी खबरें फैलाकर समाज और पार्टी समर्थकों के बीच भ्रम पैदा करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आकाश आनंद आज भी अपने ससुर के इशारे पर काम कर रहे हैं, जो पार्टी हित में बिल्कुल नहीं है।
बीमारी की झूठी खबर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मायावती ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उनके आवास पर तैनात पर्सनल सचिव आलोक कुमार को आकाश आनंद का फोन आया था। आकाश आनंद ने आलोक कुमार से सीधे पूछा कि क्या बहनजी बीमार हैं। इस पर सचिव ने तुरंत जवाब दिया कि बहनजी पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपना कामकाज सामान्य रूप से निपटा रही हैं। मायावती के अनुसार, इसके बाद आकाश आनंद ने सचिव से कहा कि वे बहनजी को यह मत बताना कि उन्होंने फोन किया था। मायावती ने दावा किया कि इस गुप्त कॉल के पीछे की मंशा सही भी हो सकती है और खराब भी, लेकिन ऐसा व्यवहार संदेह पैदा करता है।
पार्टी से पूरी तरह बाहर
बसपा प्रमुख मायावती ने कार्रवाई करते हुए आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इससे पहले 3 सितंबर को मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय समन्वयक के पद से हटाया था, लेकिन कार्यकर्ता के रूप में बनाए रखा था। इसके बाद 9 सितंबर को संकेत दिए गए थे कि यदि उनके ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास ले लें, तो आकाश की जिम्मेदारियां बहाल हो सकती हैं। अशोक सिद्धार्थ ने 10 सितंबर की सुबह संन्यास का ऐलान भी कर दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से 'पूरी तरह मुक्त' करने का बड़ा फैसला सुना दिया।
ब्रिक्स समिट को लेकर मोदी सरकार की तारीफ
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मायावती का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जहां उन्होंने ब्रिक्स सम्मेलन, भारत-चीन संबंधों और फिलिस्तीन के मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी। मायावती ने ब्रिक्स समिट को लेकर केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का साझा घोषणापत्र भारत की बेहतरीन सूझबूझ और मजबूत कूटनीति का परिणाम है। बसपा सुप्रीमो ने घोषणापत्र में फिलिस्तीन समस्या के स्थायी समाधान और पहलगाम आतंकी हमले के स्पष्ट उल्लेख को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की एक बड़ी और अहम सफलता करार दिया।


