माफी के बाद पिघला मायावती का दिल! आकाश आनंद को एक और मौका, फिर बनाए गए BSP के राष्ट्रीय संयोजक

Akash Anand BSP National Coordinator: मायावती ने आकाश आनंद को फिर BSP का राष्ट्रीय संयोजक बना दिया है। माफी के बाद हुई वापसी पर मायावती ने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को आशीर्वाद दिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 5 Oct 2026 6:38 PM IST
Mayawati Reappoints Akash Anand as BSP National Convener
X

Image Source- Social Media

Akash Anand BSP National Coordinator: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। पार्टी से बाहर किए जाने के बाद आकाश आनंद की दोबारा वापसी हो गई है और मायावती ने उन्हें फिर से बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी है। मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की। उन्होंने आकाश आनंद के राजनीतिक उज्जवल भविष्य की कामना भी की है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब बीते हफ्ते ही आकाश आनंद ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बुआ मायावती से माफी मांगते हुए दोबारा पार्टी और मूवमेंट के लिए काम करने की इच्छा जताई थी। आकाश आनंद ने मायावती को अपना राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए कहा था कि वह उनके नेतृत्व में ही बीएसपी के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया था कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं और बीएसपी उनके लिए सिर्फ पार्टी नहीं बल्कि परिवार है।

मायावती ने क्या कहा?

मायावती ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनका निजी परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा बहुजन समाज उनका विराट परिवार है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज का हित और कल्याण उनके लिए सर्वोपरि है और हमेशा रहेगा। इसी बात को ध्यान में रखते हुए और पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने पिछले दिनों कई सख्त फैसले लिए हैं।

मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि इन फैसलों में उनके अपने भाई-बहन और उनके परिवार के लोग भी कभी अपवाद नहीं रहे हैं। उनके मुताबिक पार्टी में अनुशासन और बहुजन समाज के हित को निजी रिश्तों से ऊपर रखा गया है।

आकाश आनंद को लेकर मायावती ने क्या लिखा?

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों उनके संबंध में कुछ ऐसे कारण सामने आए जिनकी वजह से पार्टी संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। इसके बाद आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मायावती के मुताबिक अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में काफी कुछ बदलाव देखने को मिला है। इसका एक बड़ा प्रमाण उनका हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया गया वह पोस्ट भी है, जिसमें उन्होंने बीएसपी में दोबारा काम करने की इच्छा जताई थी। इस पोस्ट की काफी चर्चा भी हुई थी।

पार्टी के लोगों ने की वापसी की मांग

मायावती ने कहा कि पार्टी के अधिकांश लोगों की राय थी कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार किया जाना चाहिए और उन्हें उनकी पहले दी गई जिम्मेदारियों के साथ दोबारा पार्टी में काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार के साथ-साथ उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति जताई है। मायावती के मुताबिक ईशान आनंद ने तो मिशनरी भावना का प्रदर्शन करते हुए यह भी कहा कि वह बिना किसी पद के पार्टी में मायावती के दिशा-निर्देशन में जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी जाएगी, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे।

फिर राष्ट्रीय संयोजक बने आकाश आनंद

मायावती ने कहा कि पार्टी में काफी सोच-विचार के बाद पार्टी और मूवमेंट के हित में आकाश आनंद को फिर से बीएसपी का राष्ट्रीय संयोजक (National Convener) बनाया जा रहा है। उन्हें एक बार फिर पार्टी में काम करने का मौका दिया जा रहा है।

मायावती ने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू ढंग से चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगे पार्टी संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, हालांकि यह काफी कुछ आकाश आनंद के ऊपर भी निर्भर करेगा।

ईशान और आनंद कुमार को भी आशीर्वाद

आकाश आनंद की वापसी के साथ मायावती ने उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार के लिए भी अपना स्नेह और आशीर्वाद जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी और मूवमेंट के हित में लिए गए इस फैसले के साथ वह आकाश आनंद के राजनीतिक उज्जवल भविष्य की कामना करती हैं। मायावती ने आकाश आनंद के साथ उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को भी अपना बहुत-बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया है।

इस तरह कुछ ही समय में बीएसपी की अंदरूनी तस्वीर एक बार फिर बदल गई है। पहले आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया, फिर उन्हें पार्टी से भी बाहर कर दिया गया था। इसके बाद ईशान आनंद को संगठन में जिम्मेदारी दी गई और अब आकाश आनंद की माफी के बाद मायावती ने उन्हें दोबारा पार्टी में लाकर राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story