Meerut News: मां के पास सो रही 9 माह की बच्ची को उठा ले गए, 3 गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ में मां के पास सो रही नौ माह की बच्ची को दो युवक ले गए, पुलिस ने 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्ची को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Sushil Kumar
Published on: 8 Aug 2026 5:08 PM IST
9-month-old child picked up from mother, 3 arrested (Kshetra Collector Cant Sanjay Kumar Gupta)
X

मां के पास सो रही 9 माह की बच्ची को उठा ले गए, 3 गिरफ्तार (क्षेत्राधिकारी कैंट संजय कुमार गुप्ता) (Photo- Newstrack)

Meerut News: बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने मां के पास सो रही नौ माह की बच्ची को मोटरसाइकिल सवार दो युवक उठाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लालकुर्ती थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्षेत्राधिकारी कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पांच अगस्त की रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने एक महिला सो रही थी। उसके पास उसकी नौ माह की बच्ची भी सोई हुई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक बच्ची को उठाकर ले गए।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। बच्ची की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गईं।

बेगमपुल से हापुड़ अड्डे तक खंगाले कैमरे

पुलिस टीम ने सबसे पहले बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों के हुलिये और उनके आने-जाने के रास्ते के आधार पर आगे के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, बेगमपुल से हापुड़ अड्डा, जीरो माइल और हुमायूंपुर समेत रास्ते में पड़ने वाले करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। एक-एक कैमरे की फुटेज जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी युसूफ पुत्र इकरामुद्दीन और हुस्ने आलम पुत्र इतंजा तथा लोहिया नगर थाना क्षेत्र निवासी अकबर पुत्र रहमत अली के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युसूफ और हुस्ने आलम ने बच्ची का अपहरण किया था। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्ची को अकबर को सौंपने के लिए उसे बुलाने वाले थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

क्षेत्राधिकारी कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपहरण के पीछे आरोपियों के उद्देश्य और बच्ची को अकबर को सौंपे जाने की वजह के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story