TRENDING TAGS :
Meerut News: रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई को लेकर मेरठ में उतरी भीड़, भाजपा पर हमला
Meerut News: मेरठ से गाजियाबाद तक निकली AAP की पदयात्रा में संजय सिंह ने बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक भेदभाव को लेकर भाजपा सरकार को घेरा।
रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई को लेकर मेरठ में उतरी भीड़, भाजपा पर हमला (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ, 17 मई। मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जा रही आम आदमी पार्टी की “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के दूसरे दिन रविवार को मेरठ की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पार्टी के राज्यसभा सांसद Sanjay Singh के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में युवाओं, महिलाओं, आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और वंचित समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया।
संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा
पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, सामाजिक भेदभाव और महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। उनका आरोप था कि प्रदेश में सरकारी नौकरियां लगातार कम की जा रही हैं और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है।
उन्होंने कहा कि गरीब रेहड़ी-पटरी वालों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और दलित, पिछड़े तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के अधिकारों पर हमला हो रहा है। संजय सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव बढ़ा है तथा आम आदमी पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग का बजट बिगड़ चुका है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय प्रचार और विदेश दौरों में व्यस्त है। उन्होंने लोगों से इस आंदोलन से जुड़ने की अपील भी की।
भाजपा सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेल दिया
आम आदमी पार्टी के यूपी सह प्रभारी एवं दिल्ली विधायक Surendra Chaudhary ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है। वहीं पश्चिम प्रांत अध्यक्ष Somendra Dhaka ने कहा कि मेरठ से निकली यह पदयात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदलाव और जनसंघर्ष की नई ऊर्जा पैदा कर रही है।
पदयात्रा में पार्टी के कई प्रदेश और जिला स्तरीय नेता भी मौजूद रहे।


