TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में बिजली संकट पर आप का हल्ला बोल, कटौती और फर्जी बिलिंग के खिलाफ प्रदर्शन
Meerut News: मेरठ में भीषण बिजली कटौती, बढ़ते बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर फर्जी बिलिंग और बदहाल बिजली व्यवस्था का आरोप लगाया।
Meerut News
Meerut News: भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को मेरठ में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पार्क से जिला मुख्यालय तक मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
प्रदर्शन के दौरान अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मेरठ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में लोग 15–16 घंटे तक बिजली कटौती झेलने को मजबूर हैं। गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छोटे कारोबारियों का कामकाज ठप पड़ रहा है।उन्होंने बाराबंकी के झांसा गांव में हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली कटौती के कारण परिवार घर के बाहर सोने को मजबूर हुआ, जहां कंटेनर की चपेट में आने से पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई। चौधरी ने इसे सरकार की बदहाल बिजली व्यवस्था का नतीजा बताया।
आप नेता ने स्मार्ट मीटर योजना पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “स्मार्ट मीटर” वास्तव में “स्मार्ट चीटर” साबित हुए हैं। आरोप लगाया कि जिन उपभोक्ताओं का पहले डेढ़ हजार रुपये तक बिल आता था, उनके बिल छह से सात हजार रुपये तक पहुंच गए। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों को मीटर रीडिंग का ठेका दिए जाने के बाद फर्जी बिलिंग और मनमानी बढ़ी है।चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को “अमृतकाल” नहीं बल्कि “लालटेन काल” की ओर धकेल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती, फर्जी बिलिंग और महंगी दरों पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी बड़ा जन आंदोलन करेगी।
ज्ञापन में बिजली कटौती रोकने, किसानों को पर्याप्त बिजली देने, फर्जी मीटर रीडिंग पर कार्रवाई करने और बिजली दरों में राहत देने की मांग की गई है।प्रदर्शन में भरत लाल यादव, सलीम मंसूरी, भूपेंद्र चौधरी, हेम कुमार, नीलम शर्मा, फुरकान त्यागी, अतुल नागर और वैभव मलिक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


