Meerut News: रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा निकालेगी आप

Meerut News: आम आदमी पार्टी 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकालेगी। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में होने वाली इस यात्रा में बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।

Sushil Kumar
Published on: 14 May 2026 4:15 PM IST
Meerut News: रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा निकालेगी आप
X

Meerut News

Meerut News: पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ाने की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी ने 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकालने का ऐलान किया है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जाने वाली इस पांच दिवसीय पदयात्रा को लेकर गुरुवार को मेरठ के जिमखाना मैदान के सामने स्थित अपार चेंबर में प्रेस वार्ता और तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर तीखे हमले किए।

दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश और देश का नौजवान आज सबसे ज्यादा परेशान है। पढ़ाई पूरी करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से उनका भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब जनता केवल भाषण नहीं, बल्कि जवाब चाहती है। उन्होंने बताया कि 16 मई को मेरठ के कमिश्नरी पार्क में संजय सिंह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद पदयात्रा शुरू होगी। यात्रा कचहरी, बच्चा पार्क, खैरनगर चौपला, घंटाघर, डीएन कॉलेज और मेट्रो प्लाजा जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए ब्रह्मपुरी पहुंचेगी।

पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार रोजगार देने के बजाय विज्ञापनों और प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं, डॉक्टरों की कमी है और गरीब मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धर्म और जाति की राजनीति कर रही है।

जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि किसान कर्ज में डूबा है, नौजवान बेरोजगार है और आम आदमी महंगाई से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित समाज की आवाज को बुलंद करने का अभियान है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में यात्रा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की ताकत सबसे बड़ी ताकत होती है।पार्टी नेताओं के अनुसार पदयात्रा का समापन 20 मई को गाजियाबाद में होगा, जहां संजय सिंह एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story