Meerut News: अग्नि-5 मिसाइल की थीम वाली कांवड़ ने खींचा सबका ध्यान, शिवभक्ति संग देशभक्ति का संदेश

Meerut News: मेरठ में अग्नि-5 मिसाइल थीम वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र। शिवभक्ति के साथ भारतीय सेना के शौर्य और देशभक्ति का संदेश देती अनूठी कांवड़ ने लोगों का ध्यान खींचा।

Newstrack Network
Published on: 8 Aug 2026 9:48 PM IST
Meerut News
X

Meerut News (Image Credit-Social Media)

मेरठ। सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हरिद्वार से दिल्ली के पालम क्षेत्र की ओर जा रही अग्नि-5 मिसाइल और सैन्य थीम पर तैयार विशेष कांवड़ ने मेरठ में लोगों का ध्यान खींचा। कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और वीडियो भी बनाए।

भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित कांवड़

कांवड़ दल के सदस्य राजवीर के मुताबिक, इस वर्ष उनकी टोली ने भारतीय सेना के शौर्य और देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य उपकरणों के मॉडल से सजी कांवड़ तैयार की है। उनका कहना है कि यह कांवड़ देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

राजवीर ने बताया कि पिछले वर्ष भी उनकी टोली ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर आधारित कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुई थी। इस बार अग्नि-5 थीम को खास तौर पर आकर्षक रूप दिया गया है।

एलईडी लाइटों से जगमगाती कांवड़

कांवड़ को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाती कांवड़ राहगीरों के लिए खास आकर्षण बन रही है। शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीत भी बजाए जा रहे हैं, जिससे माहौल और उत्साहपूर्ण हो रहा है।

51 गोलों की प्रतिकृतियों ने बढ़ाई भव्यता

ग्रुप के सदस्य दीपांशु ने बताया कि उनकी टोली दिल्ली के पालम क्षेत्र की है और इसमें करीब 25 से 30 शिवभक्त शामिल हैं। कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल के साथ 51 गोलों की प्रतिकृतियां और कई अन्य सैन्य प्रतीकों को प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत आज रक्षा क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रहा है। युवाओं को भारतीय सेना के शौर्य और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से इस तरह की थीम तैयार की गई है।

जहां से गुजरी, उमड़ पड़े लोग

यह अनूठी कांवड़ जिस रास्ते से गुजरी, वहां लोगों की भीड़ जुटती गई। कांवड़ पर भारत माता के चित्र, तिरंगा और सैन्य प्रतीकों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इसे करीब से देखा और मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाए।

आस्था और राष्ट्रभक्ति के इस संगम को सोशल मीडिया पर भी लोगों ने साझा किया। कांवड़ यात्रा में इस तरह की थीम श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

भारत माता की कांवड़ भी बनी आकर्षण

दिल्ली के तिगरी निवासी अभिषेक भी भारत माता की थीम पर तैयार कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ उन्होंने भारत माता की कांवड़ तैयार की।

डीजे कांवड़ में भारत माता की प्रतिमा के साथ भारत का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे लगाए गए हैं। इस दौरान देशभक्ति के गीतों के बीच शिवभक्त यात्रा करते नजर आ रहे हैं। भारत माता की यह कांवड़ भी कांवड़ मार्ग पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story