Meerut में 2900 करोड़ से बनेगी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम कैन फैक्ट्री

Meerut News: सीएम योगी ने आईएमएलसी में विश्वस्तरीय प्लांट का शिलान्यास किया। परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और मेरठ को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में नई पहचान मिलेगी।

Sushil Kumar
Published on: 25 Nov 2026 3:38 PM IST
Rs 2,900 crore Ball Corporation aluminum can factory in Meerut
X

Meerut में 2900 करोड़ से बनेगी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम कैन फैक्ट्री (Photo- Newstrack)

Meerut News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को बुधवार को बड़ी सौगात मिली। मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन 2900 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने की विश्वस्तरीय फैक्ट्री स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इस परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मेरठ अब केवल खेल उद्योग और पारंपरिक कारोबार के लिए ही नहीं, बल्कि एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास में एंकर यूनिट साबित होगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन का मेरठ में निवेश उत्तर प्रदेश के प्रति वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। प्रदेश सरकार उद्योगों को बेहतर कानून-व्यवस्था, निर्बाध कनेक्टिविटी, आधुनिक बुनियादी ढांचा और उद्योगों के अनुकूल नीतियां उपलब्ध करा रही है। इसी का परिणाम है कि बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रही हैं।

मेरठ को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ की भौगोलिक स्थिति और बेहतर कनेक्टिविटी इसे उद्योगों के लिए आकर्षक केंद्र बना रही है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल, प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर की निकटता और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तक पहुंच से यहां उद्योगों को परिवहन और लॉजिस्टिक्स की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि मेरठ पहले से ही ओडीओपी योजना के तहत स्पोर्ट्स गुड्स के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है। यहां मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी हो रहा है। अब खेल उद्योग और पारंपरिक कारोबार के साथ आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र में भी मेरठ अपनी नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई से प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कंपनी से स्थानीय उद्योगों से खरीद बढ़ाने और युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने की अपील की।

साढ़े नौ साल में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां

मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद प्रदेश में हुए औद्योगिक बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद से 2017 तक उत्तर प्रदेश में करीब 14 हजार फैक्ट्रियां थीं। लेकिन पिछले साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। अब इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंच गई है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब हर साल औसतन 2200 से अधिक नई औद्योगिक इकाइयां जुड़ रही हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, मजबूत बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षित मानव संसाधन ने इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

योगी ने कहा कि कभी बीमारू राज्य की श्रेणी में गिने जाने वाले उत्तर प्रदेश ने अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में जगह बनाई है। राज्य का बजट, सकल राज्य घरेलू उत्पाद और प्रति व्यक्ति आय में 2017 के मुकाबले उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में यूपी आगे

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप औद्योगिक गतिविधियों को गति दे रहे हैं।

योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश आकर्षित करने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई हैं। इसके अलावा 75 हजार एकड़ से अधिक का औद्योगिक भूमि बैंक, 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर और निवेश मित्र सिंगल विंडो पोर्टल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

स्थानीय युवाओं और कारोबारियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने, युवाओं को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने और अधिकृत रीसाइक्लिंग भागीदारों के साथ पर्यावरण अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना के निर्माण से लेकर संचालन तक प्रदेश सरकार कंपनी को हरसंभव सहयोग देगी।

इस मौके पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, कंपनी के निदेशक अजीत शर्मा और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story