Meerut News: गन्ना मूल्य बढ़ाने को भाकियू का बड़ा एलान, एक सप्ताह बाद खेतों से शुरू होगा आंदोलन

Meerut News: मेरठ के पहाड़पुर में भाकियू की मवाना तहसील प्रशिक्षण बैठक में 100 गांवों के अध्यक्ष जुटे। अनुराग चौधरी ने संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया।

Sushil Kumar
Published on: 6 Sept 2026 11:05 PM IST (Updated on: 6 Sept 2026 11:05 PM IST)
Bhakiyus big agitation to start from fields in a week
X

गन्ना मूल्य बढ़ाने को भाकियू का बड़ा एलान, एक सप्ताह बाद खेतों से शुरू होगा आंदोलन (Photo- Newstrack)

Meerut News: गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने एक सप्ताह बाद आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन की रणनीति के तहत किसान खेतों से लेकर अधिकारियों के कार्यालयों तक अपनी मांग को जोरदार तरीके से उठाएंगे। इसके लिए संगठन ने गांव स्तर पर तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया है।

भाकियू मेरठ की मवाना तहसील इकाई की पहली प्रशिक्षण बैठक ग्राम पहाड़पुर में जबर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में करीब 100 गांवों के अध्यक्ष मौजूद रहे। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

बैठक में अनुराग चौधरी ने संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार तथा किसान समस्याओं के समाधान की रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत गांवों में है और इसलिए प्रत्येक गांव में सक्रिय सदस्य तैयार किए जाने चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों की समस्याओं को व्यवस्थित ढंग से लिखित रूप में एकत्र करने और संबंधित विभागों के अधिकारियों को ज्ञापन देकर समाधान की मांग करने की अपील की। बिजली से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए किसानों के बिजली लोड की जांच कराकर जरूरत के अनुसार उसे कम कराने की रणनीति पर विचार किया गया।


बैठक में सर्वसम्मति से गन्ना मूल्य बढ़ाने के लिए व्यापक खेत आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। अनुराग चौधरी ने कहा कि किसान हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग को लेकर सभी किसान एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

नरेश मवाना ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। युवा जिलाध्यक्ष अनूप यादव और हर्ष चहल ने युवाओं से किसान हितों की लड़ाई में संगठित होकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में सत्येंद्र तालियान, करण सैनी, मदन गुर्जर, प्रिंस, जसबीर, गुरमिंदर, जज सिंह, सरदार बंटी, पुष्पेंद्र, सुनील, मनोज, हरेंद्र और राजकुमार समेत बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story