TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में फरार आरोपी उधम सिंह पर इनाम बढ़कर 1 लाख, पुलिस ने जारी की अपील
Meerut News: मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में वांछित आरोपी उधम सिंह की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है। आरोपी लंबे समय से फरार है और पुलिस ने जनता से सूचना देने की अपील की है।
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्र के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी उधम सिंह की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, थाना सरूरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 105/2026 में वांछित उधम सिंह पुत्र वीरनारायण, निवासी कस्बा करनावल, घटना के बाद से लगातार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं होने और आरोपी के लगातार फरार रहने के चलते इनाम राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मेरठ जोन के आदेश पर उधम सिंह की गिरफ्तारी पर घोषित पुरस्कार राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उधम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत थाना सरूरपुर में मुकदमा दर्ज है।


