TRENDING TAGS :
Meerut: चौ. चरण सिंह विवि का 37वां दीक्षांत समारोहः राज्यपाल बोलीं- भारत नेतृत्व करने वाला राष्ट्र
Meerut: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा, “यह डिग्री सिर्फ प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति आपके दायित्व का स्मरण है।
Meerut News
Meerut News: क्रांति की धरती मेरठ सोमवार को शिक्षा और उपलब्धियों के संगम का साक्षी बनी, जब चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 37वां दीक्षांत समारोह नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में बड़े ही भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान विभिन्न संकायों के 245 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई। मंच पर पहुंचते ही कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्य अतिथि प्रो. टी.जी. सीताराम, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की कई नई परियोजनाओं का ऑनलाइन लोकार्पण किया और नई नीतियों का विमोचन किया। हापुड़ जनपद की 300 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को किट वितरित की गईं, वहीं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को पुस्तकें भेंट की गईं।
अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा, “यह डिग्री सिर्फ प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति आपके दायित्व का स्मरण है। इसे व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रखें, बल्कि जनहित और राष्ट्रहित में ज्ञान का उपयोग करें।” उन्होंने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। “भारत अब अनुसरण करने वाला नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन चुका है।”
राज्यपाल ने महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की नींव है। उन्होंने प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में स्वदेशी दिवस और लोकल प्रोडक्ट डे मनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. टी.जी. सीताराम ने कहा कि विश्वविद्यालय ने प्रदेश ही नहीं, देश के शैक्षणिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने छात्रों से कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना है।
समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश शिक्षा का हब बन गया है।कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का बखान करते हुए बताया कि इस बार कुलाधिपति स्वर्ण पदक एमएससी कृषि (एनटोमोलॉजी) की अदिति सिंह को प्रदान किया गया।
समारोह में कुल 64 प्रायोजित स्वर्ण पदक और 177 विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। दीक्षांत समारोह में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज समेत अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


