Chandauli Crime: मानवता को मां ने किया शर्मशार, नाले में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस

Chandauli Crime News: गल्ला मंडी सुपर मार्केट स्थित नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

Ashvini Mishra
Published on: 23 May 2026 2:45 PM IST
Chandauli Crime
X

Chandauli Crime

Chandauli Crime News: चंदौली जनपद के मुगलसराय क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गल्ला मंडी सुपर मार्केट स्थित नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की नजर जब नाले में पड़े नवजात के शव पर पड़ी तो आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवजात का शव नाले में पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि लोकलाज के भय से किसी ने बच्चे को जन्म देने के बाद बेरहमी से नाले में फेंक दिया। घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने इस अमानवीय कृत्य पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि आखिर कोई मां या परिवार इतना कठोर कैसे हो सकता है कि जन्म लेते ही मासूम को मौत के मुंह में धकेल दे।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और घटना के पीछे क्या कारण रहे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि मामले से जुड़े सुराग मिल सकें।

पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। घटना मुगलसराय थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी सुपर मार्केट इलाके की बताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story