TRENDING TAGS :
Meerut News: सिवालखास में आकार ले रही चौधरी अजीत सिंह साइंस लैब, उद्घाटन के लिए जयंत चौधरी को न्योता
Meerut News: सिवालखास में चौधरी अजीत सिंह साइंस लैब का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उद्घाटन समारोह के लिए जयंत चौधरी को आमंत्रित किया गया है। यह परियोजना शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान शिक्षा से जोड़ने की दिशा में मेरठ के सिवालखास क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जानी बुजुर्ग स्थित एमआईटीक्यू इंटर कॉलेज में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह की स्मृति में अत्याधुनिक ‘चौधरी अजीत सिंह साइंस लैब’ और भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना को लेकर राष्ट्रीय लोक दल के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित 25 तुगलक रोड आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान साइंस लैब की रूपरेखा, विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और प्रस्तावित उद्घाटन समारोह को लेकर विस्तार से चर्चा की। बताया गया कि लैब को आधुनिक उपकरणों और विज्ञान प्रयोगों की सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। कॉलेज प्रशासन ने लैब का नाम चौधरी अजीत सिंह के नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
बैठक में विनय प्रधान, विवेक बाफर, समरीन राजपूत और आमिर सैफी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस पूरे प्रकल्प को जमीन पर उतारने में विवेक बाफर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान दिया। कॉलेज प्रशासन की ओर से आग्रह किया गया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद साइंस लैब का उद्घाटन जयंत चौधरी के कर-कमलों से कराया जाए। इस पर जयंत चौधरी ने कहा कि शिक्षा और विज्ञान से जुड़े प्रयास समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे इस प्रयास को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। रालोद नेताओं ने भी इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।


