TRENDING TAGS :
Meerut News: बाबा टिकैत की पुण्यतिथि पर सिसौली पहुंचे किसान, बड़े आंदोलन के दिए संकेत
Meerut News: बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर मेरठ से सैकड़ों किसान सिसौली रवाना हुए। किसानों ने समस्याओं को लेकर बड़े आंदोलन का संकेत दिया।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक और किसानों के मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को मेरठ में भाकियू कार्यकर्ताओं का बड़ा जुटान देखने को मिला। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और पदाधिकारी भुनी टोल प्लाजा पर एकत्रित हुए, जहां से सभी मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव स्थित बाबा टिकैत की समाधि स्थल के लिए रवाना हुए।
कार्यकर्ताओं ने सिसौली पहुंचकर बाबा टिकैत की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और हवन-यज्ञ में भाग लिया। इस दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में भाकियू मेरठ इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 41 यूनिट रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धांजलि सभा में किसानों ने बाबा टिकैत के संघर्षों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि बाबा टिकैत ने किसानों की आवाज को देशभर में मजबूत पहचान दिलाई थी। आज भी किसान गन्ना भुगतान, बिजली संकट, खाद की किल्लत और आवारा पशुओं जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो मेरठ में बड़ा किसान आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ‘किसान एकता जिंदाबाद’ और ‘बाबा टिकैत अमर रहें’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई को आगे भी मजबूती से जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर मोनू, हर्ष, अनूप यादव, ऋषिपाल, सत्येंद्र, बबलू, वीरेंद्र, महेंद्र, काजू, नवीन, आमिर, डिंपल, जसबीर, विनोद, हरेंद्र, इंद्रपाल, अमित, कालू, नरेश मवाना और विपिन गुर्जर समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


