Mango Cover Bag: आम पर चढ़ा सुरक्षा कवच, बढ़ी मिठास और मुनाफा

Mango Cover Bag: फ्रूट कवर बैग तकनीक से किसानों को मिल रहे बेहतर दाम, सरकार दे रही 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक अनुदान

Sushil Kumar
Published on: 7 Jun 2026 7:41 PM IST
Fruit Cover Bag in Meerut
X

Fruit Cover Bag in Meerut 

Meerut News: मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के बागवानी किसानों के लिए फ्रूट कवर बैग तकनीक आमदनी बढ़ाने का नया जरिया बन रही है। आम, अमरूद और आड़ू जैसे फलों को कीटों और मौसम की मार से बचाने वाली इस तकनीक से न केवल उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि फलों की गुणवत्ता में भी सुधार हो रहा है। बेहतर गुणवत्ता के कारण किसानों को बाजार में फसल का अधिक मूल्य मिल रहा है। किसानों को इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रदेश सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान भी उपलब्ध करा रही है।

मेरठ क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख आम उत्पादक इलाकों में शामिल है। यहां के बागवान लंबे समय से फ्रूट फ्लाई, हॉपर, मिज और थ्रिप्स जैसे कीटों से होने वाले नुकसान की समस्या से जूझते रहे हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार फलों पर फ्रूट कवर बैग लगाने से कीट सीधे फलों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार होता है।


उद्यान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक में फल को पेड़ पर ही विशेष कवर बैग से ढक दिया जाता है। इससे फलों का रंग, आकार और स्वाद बेहतर होता है। साथ ही तेज हवा, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों से भी सुरक्षा मिलती है। यही वजह है कि फ्रूट कवर बैग से तैयार फलों की मांग घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात बाजार में भी बढ़ रही है।

प्रदेश सरकार ने इस योजना को राज्य उद्यानिक मिशन के अंतर्गत शामिल किया है। इसके तहत किसानों को फ्रूट कवर बैग लगाने पर लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में यह सहायता अधिकतम 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक उपलब्ध कराई जाएगी।


जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार के अनुसार मेरठ जिले के किठौर और जानी क्षेत्र के किसान इस तकनीक को सबसे अधिक अपना रहे हैं। शुरुआती परिणाम उत्साहजनक रहे हैं और किसानों की आय बढ़ाने में यह तकनीक प्रभावी साबित हो रही है। उन्होंने किसानों से उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story