Meerut News: चौधरी यशपाल सिंह बोले- बड़े राज्यों के पुनर्गठन पर भी विचार करे केंद्र सरकार

Meerut News: चौधरी यशपाल सिंह ने केंद्र सरकार से बड़े राज्यों के पुनर्गठन की मांग उठाई, कहा- पश्चिमी यूपी के विकास और अलग हरित प्रदेश की मांग पर विचार जरूरी।

Sushil Kumar
Published on: 28 Nov 2026 10:19 PM IST
Choudhary Yashpal Singh says Union government should also consider restructuring of big states
X

चौधरी यशपाल सिंह बोले- बड़े राज्यों के पुनर्गठन पर भी विचार करे केंद्र सरकार (Photo- Newstrack)

Meerut News: उत्तर प्रदेश विधानसभा की अधिकतम सीटों की संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग हरित प्रदेश की मांग को कमजोर कर सकता है। हरित प्रदेश निर्माण समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी यशपाल सिंह ने संविधान के अनुच्छेद 170(1) में प्रस्तावित संशोधन पर सवाल उठाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य का प्रशासनिक पुनर्गठन अब समय की जरूरत है।

चौधरी यशपाल सिंह ने कहा कि जनसंख्या, क्षेत्रफल और प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से उत्तर प्रदेश में काफी असमानताएं हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग लंबे समय से अलग हरित प्रदेश की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र की आर्थिक क्षमता, कृषि संसाधनों और विकास की संभावनाओं को देखते हुए अलग राज्य का गठन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सीटों में प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के बीच अधिकतम सीटों की संवैधानिक सीमा उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन और नए राज्यों के गठन पर विचार का अवसर बन सकती थी। लेकिन अब अधिकतम सीटों की सीमा 650 करने के प्रस्ताव से यह संभावना फिलहाल कमजोर होती दिखाई दे रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि विधानसभा सीटें बढ़ाने के साथ बड़े राज्यों के प्रशासनिक पुनर्गठन और क्षेत्रीय विकास के असंतुलन पर भी गंभीरता से विचार किया जाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं और अलग हरित प्रदेश की वर्षों पुरानी मांग को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

चौधरी यशपाल सिंह के मुताबिक, अलग राज्य बनने से किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और विकास के नए अवसर मिल सकेंगे।

समिति के अध्यक्ष मनीष प्रताप, संयोजक बदर महमूद एडवोकेट, अनिल जंगाला एडवोकेट और शक्ति सिंह एडवोकेट ने भी इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास और क्षेत्रीय हितों की रक्षा के लिए अलग हरित प्रदेश का गठन आवश्यक है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story