Meerut News: 25 हजार इनामी हर्ष स्याल मुठभेड़ में दबोचा गया, 17 केस दर्ज

Meerut News: बीएनजी कट पर चेकिंग में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा आरोपी जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती भी कराया।

Sushil Kumar
Published on: 13 Nov 2026 11:23 PM IST
25,000 inami Harsh salmon beaten in encounter, 17 cases registered
X

25 हजार इनामी हर्ष स्याल मुठभेड़ में दबोचा गया, 17 केस दर्ज (Photo- Newstrack)

Meerut News : मेडिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर जानलेवा हमला कर भागने का प्रयास कर रहा 25 हजार रुपये का इनामी हर्ष स्याल गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास समेत 17 मुकदमे दर्ज हैं।

प्रभारी निरीक्षक मेडिकल महावीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:43 बजे पुलिस टीम बीएनजी कट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर उसने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान हर्ष स्याल पुत्र मनोज निवासी ग्राम स्याल, थाना भावनपुर के रूप में हुई। घायल को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिता पर फायरिंग के मामले में था वांछित

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को प्रवेश विहार, शास्त्रीनगर निवासी विभू शर्मा ने मेडिकल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि हर्ष ने उनके पिता पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। विरोध करने पर उनके और परिजनों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

अपराधों की लंबी फेहरिस्त

पुलिस के मुताबिक, हर्ष स्याल के खिलाफ मेरठ के बहसूमा, सिविल लाइन, हस्तिनापुर, मेडिकल, मवाना, परीक्षितगढ़ और भावनपुर थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और शस्त्र अधिनियम के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story