TRENDING TAGS :
Meerut News: कलम की ताकत से मजबूत हुआ लोकतंत्र, हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे, गूंजा गौरवगान
Meerut News: हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मेरठ में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर जोर दिया।
कलम की ताकत से मजबूत हुआ लोकतंत्र, हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे, गूंजा गौरवगान (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ, 30 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को अन्नपूर्णा मंदिर प्रांगण में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती उसके चौथे स्तंभ यानी पत्रकारिता की मजबूती पर निर्भर करती है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यहां लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
ऑल इंडिया न्यूजपेपर संगठन के तत्वावधान तथा सोशल मीडिया संगठन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर वक्ताओं ने पत्रकारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 30 मई 1826 को कोलकाता से पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित ‘उदंत मार्तंड’ हिंदी का पहला समाचार पत्र था, जिसने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी और स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी पत्रकारिता का इतिहास
वक्ताओं ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास संघर्ष, साहस और जनहित की प्रतिबद्धता से भरा हुआ है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पत्रकारों और संपादकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक पत्रकारों ने जेल यात्राएं कीं, लेकिन उनकी कलम कभी नहीं झुकी। यही परंपरा आज भी पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि तकनीक और संचार क्रांति के दौर में समाचारों के प्रसारण के तरीके भले बदल गए हों, लेकिन विश्वसनीयता आज भी पत्रकारिता की सबसे बड़ी पहचान है। विशेष रूप से प्रिंट मीडिया की साख और भरोसा आज भी कायम है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, सामाजिक सरोकारों और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों, महिलाओं एवं विशिष्ट अतिथियों को दुपट्टा, साफा और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र सिंह खजूरी, मौलाना मसूदुर रहमान, शाहीन जमाली, नीरज कांत राही, पुष्पेंद्र शर्मा, प्रदीप वत्स, नरेश उपाध्याय, सुमित मोहन शर्मा, डॉ. सुधाकर आशावादी, नईम अहमद, अंकित बिश्नोई समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी यशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन रवि कुमार बिश्नोई ने किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।


