TRENDING TAGS :
Meerut News: विदाई समारोह में छलके जज्बात, यादों के साथ भविष्य के सपने भी हुए साझा
Meerut News: मेरठ के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज में आयोजित विदाई समारोह में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ यादें साझा कीं और भविष्य के सपनों को नई उड़ान दी।
विदाई समारोह में छलके जज्बात, यादों के साथ भविष्य के सपने भी हुए साझा (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ,25 मई। सोमवार को Institute of Business Studies में आयोजित पासिंग आउट बैच के विदाई समारोह में भावनाओं, उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। कॉलेज परिसर रंग-बिरंगी सजावट और विद्यार्थियों की खुशियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपने कॉलेज जीवन की यादों को जीवंत कर दिया। कई विद्यार्थियों की आंखें अपने दोस्तों और शिक्षकों से बिछड़ने की भावुकता में नम भी दिखीं।
मिस्टर और मिस फेयरवेल रहे मुख्य आकर्षण
समारोह के दौरान मनोरंजक गतिविधियों और टैलेंट राउंड ने माहौल को और भी रोचक बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर और मिस फेयरवेल प्रतियोगिता रही, जिसमें ऋषभ कुमार को मिस्टर फेयरवेल तथा अक्शी त्यागी को मिस फेयरवेल चुना गया। दोनों विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व के लिए सम्मानित किया गया। विजेताओं के नाम की घोषणा होते ही छात्रों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच सबसे जरूरी
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच सबसे जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे जहां भी जाएं, अपने व्यवहार और कार्यशैली से संस्थान का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विदाई अंत नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत है। कार्यक्रम का संचालन प्रीतिका सिंह और स्नेहा त्यागी ने प्रभावशाली अंदाज में किया। समारोह में शिक्षकगण, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


