Meerut News: योग से फिटनेस और फोकस का पाठ, खिलाड़ियों से लेकर महिलाओं-बच्चों तक पहुंचा संदेश

Meerut News: अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 के तहत मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने मेरठ और बागपत में खिलाड़ियों, बच्चों और महिलाओं के लिए योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

Sushil Kumar
Published on: 18 Jun 2026 9:54 PM IST
Meerut News: योग से फिटनेस और फोकस का पाठ, खिलाड़ियों से लेकर महिलाओं-बच्चों तक पहुंचा संदेश
X

Meerut News

Meerut News: अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 के तहत मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने गुरुवार को मेरठ और बागपत में खिलाड़ियों, बच्चों और महिलाओं के लिए योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए। योग सत्रों में प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और शारीरिक फिटनेस के लिए नियमित योगाभ्यास का महत्व बताया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत मेरठ के विक्टोरिया पार्क (भामाशाह पार्क) स्थित खेल परिसर से हुई, जहां क्रिकेट खिलाड़ियों को विशेष योग प्रशिक्षण दिया गया। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षक डॉ. शिवांश पाल और मेरठ कॉलेज के अतिथि प्राध्यापक प्रो. योगेश कुमार ने खिलाड़ियों को ऐसे योगासन और प्राणायाम कराए, जो खेल प्रदर्शन में सुधार और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में सहायक होते हैं।

प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को वृक्षासन, ताड़ासन, पादहस्तासन, पश्चिमोत्तानासन, उष्ट्रासन और शलभासन का अभ्यास कराया। साथ ही सूर्य नमस्कार, कपालभाति और अनुलोम-विलोम के माध्यम से शरीर और मन को संतुलित रखने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेलों में तकनीकी कौशल के साथ धैर्य, संतुलन और मानसिक मजबूती भी उतनी ही जरूरी है।बागपत के दाहा स्थित चौधरी फेरू सिंह कुश्ती अकादमी में आयोजित सायंकालीन सत्र में 100 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया। यहां खिलाड़ियों को ध्यान और योग के जरिए प्रतियोगिताओं के दौरान मानसिक दबाव को नियंत्रित करने के तरीके बताए गए। कुश्ती खिलाड़ियों ने सूर्य नमस्कार, वक्रासन, हलासन और अन्य शक्ति व लचीलापन बढ़ाने वाले योगासनों का अभ्यास किया।

योग सप्ताह के तहत बच्चों और महिलाओं के लिए भी अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। शिराधुपुरी पार्क में 7 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को योग के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और एकाग्रता बढ़ाने के गुर सिखाए गए। वहीं गणपति पार्क में ग्रामीण महिलाओं को सरल योगासन और प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षिकाओं ने महिलाओं से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने की अपील की।

योग सत्रों में शामिल प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के दौरान मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न खेल अकादमियों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक स्थलों पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story