मेरठ: धार्मिक आस्था के नाम पर सोना ठगने वाला गिरोह बेनकाब, चार इनामी समेत पांच गिरफ्तार

Meerut News: सर्राफ से 32 ग्राम सोना ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह से 27 ग्राम सोना बरामद; ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद बताकर बनाते थे शिकार।

Sushil Kumar
Published on: 21 Nov 2026 12:30 PM IST
मेरठ: धार्मिक आस्था के नाम पर सोना ठगने वाला गिरोह बेनकाब, चार इनामी समेत पांच गिरफ्तार
X

Meerut News

Meerut News: धनतेरस पर सर्राफा बाजार में धार्मिक आस्था और विश्वास के नाम पर सोने की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का देहली गेट पुलिस और स्वाट टीम नगर ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के कब्जे से ठगी से संबंधित करीब 27 ग्राम सोना और 3,600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। गिरोह ने छह नवंबर को सर्राफा बाजार में एक स्वर्ण आभूषण कारीगर से करीब 32 ग्राम सोना ठगा था।

पुलिस के मुताबिक, धनतेरस के दिन हुई इस घटना के बाद पीड़ित बगबुल इस्लाम उर्फ बबलू की शिकायत पर सात नवंबर को देहली गेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर देहली गेट पुलिस और स्वाट टीम नगर को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। शनिवार को संयुक्त कार्रवाई में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सरवर अली, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी सज्जाद अली उर्फ सज्जू, मुजाहिद अली उर्फ इमरान और मोहम्मद सादिक तथा पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर निवासी सद्दाम मौला के रूप में हुई है। सरवर, सज्जाद, मुजाहिद और मोहम्मद सादिक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम था।

गुलाब का फूल मंगवाकर जीतते थे भरोसा

पूछताछ में गिरोह के ठगी करने का तरीका भी सामने आया। गिरोह का एक सदस्य खुद को ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद अथवा खादिम का पुत्र बताकर धार्मिक व्यक्ति के रूप में पेश करता था। दूसरे सदस्य अनजान लोगों की भूमिका निभाते थे। पहले गुलाब का फूल मंगवाया जाता, दुआ की जाती और मन की बात बताकर पीड़ित का विश्वास जीता जाता था। इसके बाद धार्मिक दीदार कराने के बहाने पीड़ित को अपना सोना गिरोह के दूसरे सदस्य के पास रखकर कुछ दूरी तक जाने के लिए कहा जाता था। जैसे ही पीड़ित दूर जाता, गिरोह के सदस्य सोना लेकर फरार हो जाते थे।

रायबरेली और कानपुर में भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सज्जाद अली का रायबरेली में धोखाधड़ी, गैंगस्टर और शस्त्र अधिनियम समेत कई मामलों में आपराधिक इतिहास है। मोहम्मद सादिक के खिलाफ कानपुर में भी मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story